कागजों तक सिमटी जीवाजी विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल, 6 साल से कैंपस में नहीं आई कोई कंपनी

लोकमत सत्याग्रह/ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल पूरी तरह निष्क्रिय है। पिछले छह वर्षों से यहाँ कोई कैंपस प्लेसमेंट नहीं हुआ है। प्रभारी पर अन्य जिम्मेदारियों के बोझ से छात्रों का भविष्य अधर में है।

, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में एक ओर जहां रोजगारोन्मुखी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल केवल कागजों तक ही सीमित होकर रह गई है। स्थिति यह है कि कागजों में भले ही प्लेसमेंट प्रभारी नियुक्त किए गए हों, लेकिन जमीनी स्तर पर इस सेल के माध्यम से छात्रों को नौकरी नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण युवा भटकने को मजबूर हैं।

छात्रों का कहना है कि प्लेसमेंट सेल के सुचारू रूप से कार्य न करने का सबसे बड़ा कारण प्रशासनिक इच्छाशक्ति की कमी और पदों का गलत संयोजन है। जिस अधिकारी को प्लेसमेंट सेल का प्रभारी बनाया गया है, उनके पास निजी महाविद्यालयों की संबद्धता और मान्यता तय करने जैसा बेहद संवेदनशील और व्यस्त कार्यभार भी है। ऐसे में मान्यता और संबद्धता से जुड़े भारी-भरकम कार्यों के दबाव के चलते वे प्लेसमेंट सेल की गतिविधियों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, जिसका खमियाजा सीधे तौर पर विश्वविद्यालय के छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

प्लेसमेंट को लेकर यह दावा अधिकारियों का

कोरोना के बाद से प्लेसमेंट का स्वरूप बदल गया है। अब कंपनियां विश्वविद्यालय से छात्रों का डाटा ले लेती हैं। इसके बाद कंपनियां अपने आप छात्रों को आनलाइन या आफलाइन बुलाती हैं। ऐसे में किस कोर्स से कितने छात्रों को प्लेसमेंट मिला, इस बात का डाटा प्लेसमेंट सेल के पास नहीं रहता। ऐसे में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कैंपस प्लेसमेंट के लिए नहीं आती कंपनियां

जेयू में प्लेसमेंट सेल काम तो कर रही है, लेकिन अब कैंपस प्लेसमेंट के लिए कंपनियां नहीं आती। वे डाटा ले लेती हैं। इसके बाद वे छात्रों से बात करती हैं। इससे यह पता नहीं लगता कि किस कोर्स से कितने छात्रों को प्लेसमेंट मिला है। प्रो. शांतिदेव सिसोदिया, प्रभारी प्लेसमेंट सेल जेयू

Leave a Reply