जिला महिला अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत

लोकमत सत्याग्रह रिपोर्टर राजेन्द्र सिंह

परिजनों का हंगामा
रसौली के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, कैथेटर समय से पहले निकालने का आरोप; दो घंटे तक अस्पताल में मचा रहा कोहराम

बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल में रसौली के ऑपरेशन के बाद गुरुवार को 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि महिला का कैथेटर समय से पहले निकाल दिया गया, जिसके बाद शौचालय जाते समय उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार खुर्जा निवासी अरविंद शर्मा की 45 वर्षीय पत्नी रेनू को गर्भाशय में रसौली की शिकायत थी। परिजनों ने करीब तीन दिन पहले उन्हें ऑपरेशन के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने हालत ठीक बताते हुए उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया था।

शौचालय जाते समय बिगड़ी हालत
परिजनों का कहना है कि गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने रेनू का कैथेटर निकाल दिया। दोपहर में पेशाब के लिए वह शौचालय जाने लगीं। इसी दौरान उनके पेट में अचानक तेज दर्द हुआ और चक्कर आने से वह गिर पड़ीं। आनन-फानन में उन्हें वापस बेड पर लाया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया कि यदि कैथेटर समय से पहले नहीं निकाला जाता या महिला को बेड पैन की सुविधा दी जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। हालांकि कैथेटर निकालना ही मौत का कारण था या नहीं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दो घंटे तक अस्पताल में मचा रहा हंगामा
महिला की मौत की सूचना मिलते ही वार्ड में चीख-पुकार मच गई। परिजन डॉक्टरों और ड्यूटी स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गए। करीब दो घंटे तक अस्पताल परिसर में हंगामे और रोने-बिलखने का माहौल बना रहा। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने सरकारी शव वाहन की व्यवस्था कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को खुर्जा ले गए।

अस्पताल प्रशासन का पक्ष
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीएमएस डॉ. अजय पटेल ने बताया कि महिला का ऑपरेशन निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने के कारणों की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है तो पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply