2 से 12 अगस्त के बीच ग्‍वालियर के दिव्यांग खेल स्टेडियम में होगी शारीरिक परीक्षा, अभ्यर्थियों को इमेल से भेजे जाएंगे प्रवेश पत्र

लोकमतसत्याग्रह/भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए शारीरिक प्रवीणता परीक्षा की तैयारी सेना के अधिकारियों ने शुरू कर दी है। ग्वालियर के मल्लगढ़ा स्थित दिव्यांग खेल स्टेडियम में शारीरिक परीक्षा आयोजित करने की अनुशंसा केंद्रीय सामाजिक न्याय विभाग से आने के बाद अब मैदान को सेना के एक्सपर्ट तैयार करेंगे। हालांकि यहां दौड़ने के लिए सिंथेटिक ट्रैक है।

सेना के अधिकारियों के मुताबिक लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र इमेल से भेजे जाएंगे। इसकी शुरुआत जल्द ही हो जाएगी। 2 से 12 अगस्त के बीच शारीरिक परीक्षा होनी है। 20 दिन पहले शारीरिक परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। यहां बता दें कि ग्वालियर और चंबल अंचल के अलावा प्रदेश के 10 जिलों के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा ग्वालियर में होगी।

दरअसल भारतीय सेना में भर्ती के लिए शारीरिक प्रवीणता परीक्षा करीब 10 साल से ग्वालियर में नहीं हो रही थी। 2014 में सेना भर्ती रैली के दौरान जो उपद्रव हुआ था, इसके बाद से ही ग्वालियर को ब्लैकलिस्ट किया गया था। इसके बाद 2022 में अग्निपथ स्कीम लांच होते ही यहां सबसे ज्यादा विरोध हुआ। इसके चलते पिछले साल स्थानीय प्रशासन शारीरिक प्रवीणता परीक्षा यहां कराने को लेकर तैयार नहीं हुआ था। भोपाल में शारीरिक परीक्षा हुई थी, इसके चलते कई अभ्यर्थी वहां नहीं जा सके थे।

इस बार भारतीय सेना की मांग पर पहले गृह विभाग फिर मुख्य सचिव की ओर से शारीरिक परीक्षा कराने को लेकर पत्र आया। फिर कलेक्टर रुचिका चौहान ने दिव्यांग खेल स्टेडियम में शारीरिक परीक्षा आयोजित करने के लिए केंद्रीय सामाजिक न्याय विभाग को पत्र भेजा। सामाजिक न्याय विभाग से मंजूरी मिलने के बाद अब सेना के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 2 से 12 अगस्त के बीच शारीरिक परीक्षा होगी। पहले जनरल ड्यूटी के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके बाद क्लर्क, ट्रेडमैन, स्टाफ नर्स के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी।

पहली बार होगा मनोवैज्ञानिक टेस्ट

दिव्यांग खेल स्टेडियम में ही शारीरिक परीक्षा के तुरंत बाद ही मनोवैज्ञानिक टेस्ट भी होगा। मनोवैज्ञानिक टेस्ट के लिए लिंक अभ्यर्थियों के मोबाइल पर भेजी जाएगी। मोबाइल पर ही प्रश्न हल करने होंगे।

इनका कहना है

शारीरिक प्रवीणता परीक्षा के लिए दिव्यांग खेल स्टेडियम की अनुमति मिल गई है। स्थानीय प्रशासन ने एनओसी दे दी है। 2 से 12 अगस्त के बीच परीक्षा होगी। प्रवेश पत्र जल्द ही लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों काे भेजना शुरू कर दिए जाएंगे।

कर्नल संतोष कुमार, डायरेक्टर, सेना भर्ती कार्यालय

Leave a Reply