शातिर चोरों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्यवाही; सूने मकान से चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह के दो और सदस्यों को किया गिरफ्तार, कुल 87 लाख रूपये का माल बरामद

अमित शर्मा / लोकमत सत्याग्रह ग्वालियर

बड़ी चोरी के इस प्रकरण में पुलिस द्वारा पूर्व में चोर गिरोह का मास्टर माइंड सहित 02 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, अभी तक जब्त कुल मशरूका कीमती लगभग 94 लाख 25 हजार का जब्त किया जा चुका है

ग्वालियर। जिले में चोरी व नकबजनी संबंधी वारदातों के साथ ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं संगठित चोरी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्वालियर की इंदरगंज थाना पुलिस ने सूने मकान में सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के दो और शातिरों  को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम सोने का टुकड़ा, 50 ग्राम सोने की चूड़ियां, 12.500 किलोग्राम चांदी तथा एक आई-20 कार सहित लगभग 87 लाख रूपए का माल  जब्‍त किया गया है।
इससे पूर्व पुलिस ने एक विधि विरूद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर, गिरोह के मास्टर-माइंड तथा चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार कर उनके कब्‍जे से लगभग 7 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त कर चुकी है। इस प्रकार प्रकरण में अब तक लगभग 94 लाख रुपये से अधिक की मशरूका बरामद किया जा चुका है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी अनु बेनीवाल सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि 05 मई को थाना इंदरगंज क्षेत्र निवासी फरियादी ने अपने सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा सोने- चांदी के जेवरात चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रकरण पंजीबद्ध होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर  धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सतत निगरानी के माध्यम से आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पनिहार टोल के आगे जंगल क्षेत्र में जमीन में छिपाकर रखी 02 किलो चांदी कीमत 06 लाख रूपए, एक जोडी पायजेब कीमत 9 हजार रूपए, एक सोने की चेन कीमत 75 हजार रूपए, 02 सोने की अंगूठी कीमत 42 हजार रूपए सहित लगभग 7 लाख 25 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की थी। पुलिस द्वारा चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

*सराहनीय भूमिका:* इस नकबजन को पकड़ने में थाना प्रभारी इंदरगंज निरीक्षक दीप्ती तोमर, उनि. बनवारी मिश्रा, प्रआर. रामनिवास सिंह, आरक्षक कुंजबिहारी शर्मा, पंकज तोमर, अर्जुन सिकरवार, नीरज यादव, दीपक मिश्रा, संदीप पचौरी, धर्मेन्द्र धाकड़, महिला आरक्षक शिवानी सिकरवार, अचला, थाना कम्पू से आरक्षक अजब सिंह, नबल सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।

Leave a Reply