लोकमत सत्याग्रह के लिए बुलंदशहर से राजेन्द्र सिंह की रिपोर्ट
धारदार हथियार से हमला कर हत्या की आशंका, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बुलंदशहर। अगौता थाना क्षेत्र के गांव ढकोली में सोमवार को करीब 60 वर्षीय किसान अनवार पुत्र मुसफ का शव ज्वार के खेत में लहूलुहान अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किसान की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसान पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, अनवार सोमवार सुबह अपने खेत पर गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के ही एक ज्वार के खेत में उनका शव पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर अगौता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। घटना के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

